तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने कहा है कि ईरान पर लगे प्रतिबंधों की समाप्ति, पश्चिमी एशिया की स्थिरता और आर्थिक विकास का कारण बनेगी। उन्होंने ईरान के विरुद्ध अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों को यथाशीघ्र समाप्त करने की मांग की है। तुर्की के राष्ट्रपति ने गुरुवार को ईसीओ के राष्ट्राध्यक्षों की 14वीं बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान पर एकपक्षीय रुप से लगाए गए प्रतिबंधों की समाप्ति आर्थिक विकास और क्षेत्र की स्थिरता में सहायक सिद्ध होगी। आनातोली समाचार एजेन्सी के अनुसार तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा कि हम आशा करते हैं कि ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने "वन बेल्ट वन रोड इनीशिएटिव" परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए बताया कि इस्तांबूल-तेहरान-इस्लामाबाद रेलवे लाइन का निर्माण कार्य अपने अन्तिम चरण में है। ज्ञात रहे कि ईसीओ के राष्ट्राध्यक्षों की 14वीं वर्चुअल बैठक में ईरान, तुर्की, आज़रबाइजान, पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान, तुर्कमनिस्तान, किर्गिज़स्तान, उज़बेकिस्तान, क़ज़ाक़िस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्राधयक्षों ने भाग लिया।